दुबई की यात्रा (Trip Of Dubai)
मैं पिछले दिनों ( United Arab Emirates) की चार दिवसीय यात्रा पर था|जहाँ विभिन्न पर्यटन स्थलों पर मन में उठ रहे अनेक प्रश्नों जैसे वहां की ऐतिहासिक, भौगोलिक, आर्थिक, राजनैतिक एवं सामाजिक स्थितियों को जानने की कोशिश की | कहीं-कहीं प्राकृतिक सौन्दर्य की कुछ छटाओं को छोड़, हर जगह रूखेपन की ही अनुभूति हुई| सोचता रहा भारत से अच्छी सुविधायें ( हर छोटी- बड़ी इमारत वातानुकूलित, दुनियां की सबसे महंगी गाड़ियाँ, दुनियां के सबसे अच्छे खाद्य पदार्थ एवं व्यवसाय का इतना बड़ा केद्र आदि ) होते हुए भी यहाँ वे रस क्यों नहीं हैं जो अपने देश में हर घर, गली, नुक्कड़, चौराहे, हाट, बाजार आदि में सहज हृदय के पटल पर दस्तक दे, अस्वस्थ मन और शरीर को भी स्वस्थ होने का एहसास कराते हैं| यहाँ हर दूसरा नहीं तो तीसरा आदमी भारतीय है लेकिन उनके स्वभाव और व्यव्हार में निश्छलता के अतिरिक्त भारत की अन्य कोई झलक नहीं है| शायद मनुष्यों का व्यापार करने वाले आकाओं ने इन्हें ऐसे प्रशिक्षित किया है मानो बेचारों के शरीर से आत्मा निकाल एक मशीन में तब्दील कर, कोल्हू के बैल की भांति कभी समाप्त न होने वाले काम में लगा दिया हो|
यहाँ बारिश कभी कभी होती है| पेड़- पौधे तो ऐसे दिखते जैसे मील के पत्थर, शहर से बाहर निकलते ही रेत के टीले क्षितिज की तरह दिखाई देते हैं| न कल-कल की आवाज, न लहलहाती फसल, न पशुओं का जमावड़ा, न पक्षियों की चहचहाहट, आखिर क्या है ये? लगता है लोगों में ये रूखापन इस जलवायु के ही कारण है क्योंकि जीवन में रस रूपी रंग भरना तो हमें प्रकृति ही सिखाती है| फिर सोचता हूँ कि कुछ नजरियों से भारत की जलवायु उत्तम है| हर दो माह में एक नया अनुभव कराती है|
ज़रूरी नहीं कि हर जलने वाला चिराग़ रौशन करे ज़माने को,
हमने बहुतों को भीतर की रौशनी बुझाते देखा है |
~RS Pailwar
Facebook - https://www.facebook.com/rspailwar/
YouTube - https://www.youtube.com/c/RSPailwar
Contact - rspailwar@gmail.com

Comments
Post a Comment